Add more content here...
उत्तराखंड

चंपावत पुलिस ने 1 करोड़ की 306 ग्राम स्मैक बरामद की, अग्निवीर समेत 2 गिरफ्तार

उत्तराखंड में चंपावत पुलिस की एसओजी ने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है. एसओजी ने करीब ₹1 करोड़ कीमत की 306 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद स्मैक को भारत-नेपाल सीमा के रास्ते एक नेपाली खरीदार तक पहुंचाया जाना था. पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुट गई है. चौंकाने वाली बात ये है कि नशा तस्करों में अग्निवीर की ट्रेनिंग ले चुका युवक भी शामिल है.

पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के निर्देशन में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टनकपुर कोतवाली क्षेत्र के सैलानी गोठ, काला झाला गौशाला तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की.

चेकिंग के दौरान प्लैटिना मोटरसाइकिल (UP 26 AY 5188) पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 306 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई. इस स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपए आंकी जा रही है. इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह (25 वर्ष) पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी ग्राम बाजार घाट, चौकी कंबोज नगर, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उ.प्र.) एवं सुनील सिंह (22 वर्ष) पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी ग्राम बाजार घाट, चौकी कंबोज नगर, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उ.प्र.) निवासी के रूप में हुई है.

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह स्मैक मनु सिंह पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी बाजार घाट, पीलीभीत (उ.प्र.) से खरीदी थी और इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली व्यक्ति को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.

वहीं पकड़े गए स्मैक तस्करों में एक आरोपी सुनील सिंह एक माह की अग्निवीर ट्रेनिंग कर चुका है. बीमारी का बहाना बनाकर वह घर आया हुआ था. वहीं अपने साथी गुरदीप सिंह के साथ स्मैक तस्करी के काम में लग गया. फिलहाल चंपावत जिले की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने नशे के खिलाफ जनपद पुलिस का अभियान लगातार जारी रख नशे के कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button